
नई दिल्ली, 5 जनवरी। गणतंत्र दिवस 2026 के भव्य कार्यक्रमों के टिकट अब आधिकारिक ‘आमंत्रण’ मोबाइल ऐप के माध्यम से आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं। यह जानकारी रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को साझा की।
रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक पोस्ट में बताया कि ‘आमंत्रण’ ऐप के जरिए 26 जनवरी को आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड, 28 जनवरी को बीटिंग द रिट्रीट समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल और 29 जनवरी को बीटिंग द रिट्रीट समारोह के टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया, “गणतंत्र दिवस समारोह के लिए टिकट अब ‘आमंत्रण’ मोबाइल ऐप के जरिए खरीदे जा सकते हैं।”
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ‘आमंत्रण’ ऐप सरकारी ऐप स्टोर पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, इच्छुक व्यक्ति आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी टिकट बुकिंग कर सकते हैं।
गणतंत्र दिवस समारोह भारत के संविधान को 26 जनवरी 1950 को अपनाए जाने की याद में मनाया जाता है और यह देश के सबसे प्रमुख राष्ट्रीय उत्सवों में से एक है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के राजपथ पर हर साल आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में सशस्त्र बलों की टुकड़ियां, रंगीन झांकियां और विभिन्न सांस्कृतिक प्रदर्शन प्रस्तुत किए जाते हैं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचते हैं।
यह समारोह नागरिकों को देश की सैन्य परंपराओं और राष्ट्रीय संस्थानों से जुड़ी झलकियां दिखाने का अनूठा अवसर प्रदान करता है।
वहीं, विजय चौक पर आयोजित बीटिंग द रिट्रीट समारोह गणतंत्र दिवस समारोहों का औपचारिक समापन करता है, जिसमें थल सेना, नौसेना और वायु सेना के सैन्य बैंड अपनी शानदार प्रस्तुतियां देते हैं।
पिछले कुछ वर्षों में, रक्षा मंत्रालय ने बड़े राष्ट्रीय आयोजनों के टिकट वितरण और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का व्यापक उपयोग शुरू किया है, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी बनी है।
–
डीएससी